दरभंगा, गौड़ा-बौराम में सरकारी पोखर पर अवैध कब्जे का आरोप,
सरकारी पोखर पर निजी मकान बनाने का मामला, पतंजलि जिला युवा प्रभारी ने डीएम से जांच और अतिक्रमण हटाने की मांग की।
दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के गौड़ा-बौराम प्रखंड अंतर्गत कसरौड़-बेलवाड़ा पंचायत के विष्णुपुर थान गांव में सरकारी पोखर की जमीन पर अवैध कब्जे और निजी निर्माण का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पतंजलि जिला युवा प्रभारी लालबहादुर पासवान ने जिलाधिकारी, दरभंगा को लिखित आवेदन सौंपकर मामले की त्वरित जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी को दिए गए आवेदन के अनुसार, ग्राम विष्णुपुर थान (वार्ड संख्या 06, पंचायत- कसरौड़-बेलवाड़ा, प्रखंड- गौड़ा-बौराम, अनुमंडल- बिरौल, थाना- घनश्यामपुर, जिला- दरभंगा) स्थित सरकारी पोखर, जिसका खाता संख्या 362 तथा खेसरा संख्या 1985 है, पर अवैध कब्जा कर निजी मकानों का निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही कुछ लोगों द्वारा उक्त भूमि का अतिक्रमण कर लिया गया है। एक जनप्रतिनिधि होने के बावजूद वे भी खुद सरकारी पोखर की जमीन पर अवैध कब्जा कर अपना निजी आवास बनवा रहे हैं। आवेदन में कहा गया है कि जिस भूमि पर जनकल्याण के लिए जहां पंचायत भवन, विद्यालय या स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण होना चाहिए, वहां निजी मकान बनाया जा रहा है शिकायतकर्ता लालबहादुर पासवान ने 28 सितंबर 2026 को दिए आवेदन में जिलाधिकारी से अपील की है कि इस पूरे मामले की प्रत्यक्ष रूप से अतिशीघ्र निष्पक्ष जांच कराई जाए। और सरकारी पोखर पर बने अवैध निजी निर्माणों को ध्वस्त कर भूमि को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।