खाकी की नाक के नीचे से उड़ा ली बाइक, बिरौल में एक ही दिन में दो बाइक चोरी से सनसनी,
थाना से महज 10 मीटर दूर बीआरसी परिसर से बाइक गायब, बेखौफ बदमाशों ने पुलिस प्रशासन को दी खुली चुनौती

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिरौल थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने पुलिसिया सतर्कता की धज्जियां उड़ाते हुए एक ही दिन में अलग-अलग जगहों से दो मोटरसाइकिलों की चोरी कर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने पहली वारदात को बिरौल थाना से महज 10 मीटर की दूरी पर स्थित बीआरसी परिसर में अंजाम दिया। थाना के इतने करीब से दिन-दहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बदमाशों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका, उन्होंने उसी दिन क्षेत्र के एक अन्य स्थान से भी एक और बाइक पर हाथ साफ किया और आसानी से फरार हो गए। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। आम जनता का कहना है कि जब अज्ञात बदमाशों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि वे पुलिस थाना की नाक के नीचे और महज 10 मीटर के दायरे से वाहन चोरी करने की हिम्मत जुटा सकते हैं, तो आम भीड़-भाड़ वाले बाजारों या सार्वजनिक स्थानों पर गाड़ियां कितनी सुरक्षित हैं, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। जबकि पुलिस गश्त समय से सड़क पर दौड़ती नजर आते हैं। फिलहाल, पीड़ित वाहन मालिकों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। हालांकि, खाकी के मुस्तैद रहने के दावों के बीच इस तरह की दुस्साहसिक चोरी ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। बाइक चोरी की घटना को लेकर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दिए।