पुअरिया पुल के पास कार की ठोकर से हुये घायल अधिवक्ता की मौत, पत्नी व चार साल की बेटी घायल,

लनामिवि से पत्नी का मूल प्रमाणपत्र लेकर बाइक से लौट रहे थे घर, जीडी गोयनका स्कूल के पास हादसा 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा

विशनपुर थाना क्षेत्र के पुअरिया पुल के समीप सोमवार को सड़क हादसे में घायल समस्तीपुर के अधिवक्ता मनीष कुमार (45) की देर रात डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी श्रुति कुमारी (35) और चार वर्षीय बेटी समीक्षा कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों का डीएमसीएच में इलाज चल रहा है।

मृतक समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र के मुरियारो गांव के वार्ड-13 निवासी स्वर्गीय हरिहर नारायण सिंह के पुत्र थे। वह पिछले चार वर्षों से समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रहे थे।

स्वजन जगमोहन मिश्रा के अनुसार, मनीष कुमार सोमवार को अपनी पत्नी का ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से मूल प्रमाणपत्र लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक पर उनकी पत्नी और चार वर्षीय बेटी भी सवार थीं। इसी दौरान दरभंगा-समस्तीपुर मुख्य सड़क पर जीडी गोयनका स्कूल और पुअरिया पुल के बीच सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को इलाज के लिए डीएमसीएच पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान देर रात मनीष कुमार ने दम तोड़ दिया।

मौत की सूचना के बाद बेंता थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। वहीं, पत्नी और बेटी का इलाज डीएमसीएच में जारी है।

स्वजन ने बताया कि मनीष कुमार की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब आठ और चार वर्ष है। उनकी पत्नी शिक्षिका चयन परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। अधिवक्ता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव और परिचितों के बीच भी शोक की लहर है।