लंबित वारंट-इश्तिहार के त्वरित निष्पादन का SSP ने दिया निर्देश,

PC व IT प्रभारियों की समीक्षा बैठक में CCTNS, ई-साक्ष्य और SCRB पोर्टल पर समय पर अपडेट का आदेश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने सोमवार को अपने कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के सभी थानों के PC प्रभारी सह IT प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में न्यायालय से प्राप्त लंबित समन, वारंट, कुर्की, इश्तिहार एवं केस डायरी (CD) के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। SSP ने लंबित वारंट, कुर्की व इश्तिहार का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में किशोर न्याय बोर्ड (JJB) में लंबित SBR (Social Background Report) तथा आरोपपत्र के लिए लंबित कांडों की भी समीक्षा की गई। SSP ने लंबित SBR एवं आरोपपत्र को यथाशीघ्र न्यायालय में समर्पित करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान BW, NBW, BW/DW, इश्तिहार, कुर्की और समन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया।

SSP ने पुलिस रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और ऑनलाइन अपडेट पर विशेष जोर देते हुए स्टेशन डायरी, प्राथमिकी रिपोर्ट एवं अन्य संबंधित दस्तावेजों की CCTNS में वास्तविक समय में एंट्री करने का निर्देश दिया। कांड से संबंधित महत्वपूर्ण वीडियो और फोटो को ई-साक्ष्य ऐप पर नियमानुसार अपलोड करने को कहा गया। पुराने कांडों की केस डायरी को वर्षवार CCTNS में अपलोड करने तथा ई-समन की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में सभी दर्ज प्राथमिकी एवं गिरफ्तारी मेमो को 24 घंटे के अंदर SCRB पोर्टल पर अपलोड करने, CriMAC के माध्यम से जीरो FIR को संबंधित दूसरे राज्य में भेजने तथा आरोपपत्र/अंतिम प्रपत्र को CCTNS पर अपलोड करने को कहा गया।

इसके अलावा गुमशुदा व्यक्तियों से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई, CriMAC/ICJS में प्रतिदिन लॉगिन कर सर्च करने तथा अन्य तकनीकी एवं अनुसंधान संबंधी कार्यों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में लंबित न्यायालयीय प्रक्रियाओं के त्वरित निष्पादन के साथ-साथ पुलिसिंग में डिजिटल प्रणालियों के शत-प्रतिशत उपयोग पर जोर दिया गया।