बिरौल में भक्ति और उल्लास के साथ 10 दिवसीय गणेश पूजा महोत्सव संपन्न,चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच प्रतिमाएं जल में प्रवाहित

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

नगर पंचायत बिरौल में पिछले 10 दिनों से चल रहा सुप्रसिद्ध गणेश पूजा महोत्सव शुक्रवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ ही शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। ‘गणपति बाप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों और भक्तिमय भजनों व बारिश का आनंद के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश को भावभीनी विदाई दी।भव्य शोभायात्रा से गुंजायमान हुआ पूरा शहर, श्रद्धालु और अधिकारियों ने बारिश का लिया आनंद

महोत्सव के अंतिम दिन शुक्रवार को विभिन्न पूजा समितियों द्वारा भव्य प्रतिमा जुलूस निकाला गया। सुपौल मंदिर घाट, खेबा टोला, वनदेवी नगर और बाल्मीकि नगर से निकली शोभायात्राओं में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बाल्मीकि नगर, खेबा टोला व वनदेवी नगर से निकला जुलूस सुपौल बाजार के मुख्य मार्गों से होते हुए सबसे पहले शहीद भगत सिंह स्मारक चौक पहुंचा। वहां से वापस सिनेमा रोड, पुलघाट, मास्टर चौक, शिवाजी नगर, पुराना थाना चौक और आदर्श नगर से गुजरते हुए हाटगाछी स्थित तालाब में प्रतिमाओं का भक्तिभाव से विसर्जन किया गया। वहीं सुपौल मंदिर घाट से निकली भगवान गणेश जी की प्रतिमा शोभायात्रा पोस्ट ऑफिस चौक और सुपौल-रामनगर मार्ग होते हुए बिरौल चौक पहुंची, जहां निर्धारित जलस्रोत में प्रतिमा को प्रवाहित किया गया। समारोह और विसर्जन यात्रा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के संयुक्त दिशा-निर्देश पर पूरे जुलूस मार्ग पर सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

विसर्जन जुलूस के दौरान दंडाधिकारी के रूप में अंचलाधिकारी कुमारी सरीता रानी मौजूद थी।थानाध्यक्ष चन्द्र मणि, पर्यवेक्षी पदाधिकारी अमृत लाल वर्मन एवं अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार दल-बल के साथ लगातार मुस्तैद रहे। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने में एसआई मुन्नी कुमारी, एएसआई श्री तिवारी, पीएसआई शैलेश कुमार, सूरज कुमार, भार्गवी कुमारी, पूजा कुमारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल के अधिकारी व जवान तैनात रहे।