शहरी इलाकों में एसएसपी का औचक निरीक्षण, गश्ती और डायल-112 की परखी मुस्तैदी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को कोतवाली और लहेरियासराय थाना क्षेत्र के विभिन्न शहरी इलाकों का परिभ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस की सक्रियता और तैनाती की भी औचक जांच की।

एसएसपी ने थाना क्षेत्र में तैनात गश्ती वाहनों के साथ-साथ डायल-112 की गाड़ियों का लोकेशन और मौके पर मौजूद पदाधिकारियों व पुलिसकर्मियों की उपस्थिति की जांच की। अचानक हुए निरीक्षण से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों में हड़कंप की स्थिति रही।

निरीक्षण के दौरान विधि-व्यवस्था में तैनात पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने तथा किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि गश्ती व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी निर्धारित समय पर अपने दायित्व का निर्वहन करें।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में सतत निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी सूचना पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएसपी के औचक निरीक्षण का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाना बताया गया।