28 से 30 सितंबर तक बैंकिंग सेवाओं पर असर, तीन दिन हड़ताल का प्रस्ताव; ग्राहकों को पहले निपटा लेने होंगे जरूरी काम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। इसके मद्देनजर भारतीय स्टेट बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि वे हड़ताल की संभावित अवधि को देखते हुए अपने जरूरी बैंकिंग लेनदेन पहले ही पूरा कर लें।

एसबीआई की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि हड़ताल के दौरान आवश्यक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। हालांकि बैंकिंग शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए ग्राहकों को पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।

बैंक ने ग्राहकों से नकदी की जरूरत के लिए एटीएम और एडीब्ल्यूएम का इस्तेमाल करने को कहा है। वहीं, ग्राहक सेवा केंद्रों के साथ इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई समेत अन्य डिजिटल माध्यमों से बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की गई है।

बैंक ने कहा है कि संभावित हड़ताल से ग्राहकों को होने वाली असुविधा के लिए उसे खेद है और ग्राहकों से सहयोग की अपेक्षा है।