राज हाई स्कूल के 148 वर्ष पूरे, लक्ष्मीश्वर भवन की शताब्दी पर जुटेंगे सात दशकों के पूर्व छात्र,स्कूल ने दिये एक से बढ़कर एक विद्वान और प्रतिभाशाली छात्र 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मिथिला की शिक्षा परंपरा के गौरवशाली केंद्र राज हाई स्कूल के 148 वर्ष पूरे होने और ऐतिहासिक लक्ष्मीश्वर भवन के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर को विद्यालय परिसर में प्रथम भव्य पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित होगा। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक होने वाले समारोह में देश-विदेश में रह रहे विद्यालय के पूर्व छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है।

पूर्ववर्ती छात्र आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मधुरंजन प्रसाद ने गुरुवार को समारोह की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन विद्यालय की गौरवशाली परंपरा और पूर्व छात्रों की स्मृतियों को एक मंच पर लाने का प्रयास है। समारोह में सात दशकों के पूर्व छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा मिथिला सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्मृति साझाकरण और विद्यालय विकास कोष की स्थापना पर चर्चा होगी।

विद्यालय की स्थापना 1878 में दरभंगा राज के महाराजाधिराज लक्ष्मेश्वर सिंह ने की थी। शिक्षा के प्रति उनके योगदान के कारण राज हाई स्कूल ने समय के साथ अपनी अलग पहचान बनाई। परिसर का लाल ईंटों से निर्मित आर्च वाला लक्ष्मीश्वर भवन करीब 1926 में बना था और अब इसकी निर्माण यात्रा के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

विद्यालय के पूर्व छात्रों में सर गंगा नाथ झा, चेतकर झा सहित अनेक शिक्षाविद, साहित्यकार, प्रशासनिक अधिकारी, न्यायाधीश, चिकित्सक, अभियंता और प्रोफेसर शामिल रहे हैं। आयोजन को लेकर देश-विदेश में रह रहे पूर्व छात्रों ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से एकजुट होकर राज हाई स्कूल एलुमनी एसोसिएशन का गठन किया है।

समारोह में स्थानीय विधायक एवं पूर्व छात्र संजय सरावगी, पूर्व एमएलसी डॉ. दिलीप कुमार चौधरी सहित सैकड़ों पूर्व छात्रों के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर अजय तिवारी, आशीष झा, मदन झा, संतोष चौधरी, अमलेश झा और नवल नारायण चौधरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।