शराबबंदी में जब्त 30 वाहन नीलाम, 29.18 लाख रुपये राजस्व की उम्मीद,

11 सामान्य और 19 कबाड़ वाहनों की हुई सार्वजनिक नीलामी, ट्रक से लेकर बाइक तक शामिल

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत जब्त और राज्यसात किए गए 30 वाहनों की गुरुवार को जिला वाहन नीलामी समिति ने सार्वजनिक नीलामी की। इनमें 11 सामान्य और 19 कबाड़ वाहन शामिल थे। नीलामी से करीब 29 लाख 18 हजार रुपये सरकारी राजस्व प्राप्त होने की संभावना है।

सहायक आयुक्त मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि मद्यनिषेध विभाग और पुलिस विभाग द्वारा जब्त किए गए वाहनों तथा समाहर्ता न्यायालय द्वारा राज्यसात वाहनों का नियमानुसार निपटारा करने के लिए नीलामी कराई गई। पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों और पारदर्शी तरीके से जिला वाहन नीलामी समिति की देखरेख में संपन्न हुई।

नीलाम किए गए 11 सामान्य वाहनों में दो ट्रक, पांच चारपहिया वाहन, तीन मोटरसाइकिल और एक ठेला शामिल हैं। वहीं, 19 कबाड़ वाहनों में आठ चारपहिया वाहन और 10 मोटरसाइकिल शामिल रहे।

अधिकारी ने बताया कि मद्यनिषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के दौरान जब्त और राज्यसात वाहनों का नियमानुसार सार्वजनिक नीलामी के माध्यम से निष्पादन किया जाता है। इससे लंबे समय से जब्त वाहनों का निपटारा होने के साथ सरकारी राजस्व भी प्राप्त होता है।

नीलामी से प्राप्त राशि नियमानुसार सरकारी राजस्व में जमा की जाएगी।