,वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता के लिए 27 सितंबर तक आवेदन,

अंडर-14, अंडर-17 व अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा, जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी प्रमंडल स्तर पर खेलेंगे

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक स्कूली खिलाड़ियों से 27 सितंबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे। खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, फुटबॉल, रग्बी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, शतरंज, कराटे, वुशू, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग और कुश्ती समेत विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में आवेदन अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य से अग्रसारित कराकर 27 सितंबर तक जिला खेल कार्यालय, नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ अंतिम कक्षा उत्तीर्णता का प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड अथवा जन्म प्रमाण-पत्र की छायाप्रति और फोटो लगाना अनिवार्य है।

जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को आगे प्रमंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता से संबंधित आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य जानकारी के लिए खिलाड़ी अपने विद्यालय प्रशासन अथवा जिला खेल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।