सड़क सुरक्षा पर सांसद की सख्ती, ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुरक्षा इंतजाम, एसएच-17 पर हादसे रोकने और एनएच-27 से अनधिकृत पार्किंग हटाने का निर्देश, स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान
सड़क सुरक्षा पर सांसद की सख्ती, ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुरक्षा इंतजाम, एसएच-17 पर हादसे रोकने और एनएच-27 से अनधिकृत पार्किंग हटाने का निर्देश, स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान
सड़क सुरक्षा पर सांसद की सख्ती, ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुरक्षा इंतजाम,
एसएच-17 पर हादसे रोकने और एनएच-27 से अनधिकृत पार्किंग हटाने का निर्देश, स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर बुधवार को समाहरणालय के बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में दुर्घटनाओं के कारणों, ब्लैक स्पॉट, यातायात नियमों के अनुपालन और सड़क सुरक्षा से जुड़े लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सांसद ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अंडरपास, फुट ओवरब्रिज और रिंग रोड समेत सड़क व यातायात से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी एनएचएआई के अभियंता से ली। लंबित कार्यों में तेजी लाकर प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
एसएच-17 पर लगातार हादसों को लेकर गंभीरता
एसएच-17 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को सांसद ने गंभीरता से लिया। उन्होंने दुर्घटना वाले स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने का निर्देश दिया। जिले के सभी राष्ट्रीय व राज्य उच्च पथों समेत प्रमुख सड़कों पर दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर संकेतक, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने को कहा।
एनएच-27 पर सड़क किनारे अनावश्यक और अनधिकृत पार्किंग को दुर्घटनाओं का संभावित कारण बताते हुए सांसद ने संबंधित थानाध्यक्षों को तत्काल कार्रवाई कर पार्किंग हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने का निर्देश दिया।
स्कूलों में चलेगा सड़क सुरक्षा अभियान
सांसद ने शिक्षा विभाग के माध्यम से जिले के सभी विद्यालयों में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने को कहा। विद्यार्थियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, यातायात नियमों और सुरक्षित सड़क व्यवहार की जानकारी देने पर जोर दिया गया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान तेज करने का निर्देश दिया गया।
वाहन जांच अभियान में तेजी लाने और हेलमेट व सीट बेल्ट के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी रखने को कहा गया। वाहन प्रशिक्षण केंद्र के लिए उपयुक्त स्थल का शीघ्र चयन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया गया।
हादसे के बाद तत्काल मिले इलाज और सरकारी सहायता
सांसद ने राष्ट्रीय और राज्य उच्च पथों पर 24 घंटे एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। दुर्घटना में घायलों को जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को नियमानुसार सरकारी सहायता समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सरकारी बस स्टैंड में यात्रियों के लिए शौचालय और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। डीएम कौशल कुमार ने जिला परिवहन पदाधिकारी को वाहन जांच अभियान में तेजी लाने और यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने का निर्देश दिया।
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता राजस्व रोहित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।