जांच प्रतिवेदन मांगने को लेकर विवाद, मनरेगा पीओ पर अभद्र व्यवहार का आरोप

दस्तक 7 मीडिया, प्रशांत कुमार कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)।

पूर्वी प्रखंड कार्यालय में प्रतिनियुक्त कर्मी और मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी के बीच जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। केवटगामा ग्राम कचहरी के सचिव सह प्रखंड कार्यालय में प्रतिनियुक्त कर्मी अर्जुन दास ने मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी मो. अबुल कलाम पर मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित आवेदन दिया है। कर्मी ने मामले में विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में अर्जुन दास ने बताया है कि अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, बिरौल के कार्यालय से प्राप्त मनरेगा से संबंधित एक परिवाद के जांच प्रतिवेदन के संबंध में जानकारी लेने के लिए उन्होंने मनरेगा पीओ से मोबाइल फोन पर संपर्क किया था। उनका आरोप है कि जांच प्रतिवेदन के संबंध में बातचीत के दौरान मनरेगा पीओ द्वारा उनके साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और गाली-गलौज की गई।

कर्मी का कहना है कि मामले से संबंधित कथित बातचीत की ऑडियो क्लिप भी आवेदन के साथ उपलब्ध कराई गई है, ताकि पूरे मामले की जांच की जा सके। उन्होंने वरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

पीओ ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

इधर, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी मो. अबुल कलाम ने कर्मी द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि संबंधित कागजात पीआरएस (पंचायत रोजगार सेवक) द्वारा जमा किए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने अभद्र व्यवहार अथवा गाली-गलौज के आरोप से इनकार किया है।

बीडीओ ने डीएम को दी जानकारी

मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभा शंकर मिश्रा ने बताया कि उन्हें कर्मी की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के साथ ऑडियो क्लिप भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि मामले से जिलाधिकारी को पत्र के माध्यम से अवगत करा दिया गया है। वरीय स्तर से प्राप्त निर्देश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामला प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है। अब वरीय अधिकारियों के निर्देश और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बातचीत के दौरान वास्तव में क्या हुआ था और आरोपों में कितनी सच्चाई है।

वहीं इस मामले का एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। जिसमें पीओ के द्वारा दी गई गाली स्पष्ट सुना जा सकता है।