जीविका से बदली गांव की महिलाओं की तस्वीर, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं दीदियां,

केवटी में विकास जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की वार्षिक आमसभा, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना पर हुआ मंथन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ सामाजिक नेतृत्व की मुख्यधारा से जोड़ने में जीविका की पहल लगातार रंग ला रही है। केवटी प्रखंड में शनिवार को विकास जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। इसमें जीविका दीदियों ने अपनी उपलब्धियां साझा कीं और आजीविका गतिविधियों को और विस्तार देने की रणनीति पर चर्चा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परियोजना प्रबंधक जीविका ऋचा गार्गी, बीडीओ कृष्णा कुमारी, बीपीएम समीउल हसन तथा समिति की अध्यक्ष अनीता देवी, सचिव जूली देवी और कोषाध्यक्ष सोनी देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जिला परियोजना प्रबंधक ऋचा गार्गी ने कहा कि जीविका से जुड़ी महिलाएं अब केवल बचत और ऋण तक सीमित नहीं हैं। वे आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक नेतृत्व में भी आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कई दीदियों ने छोटे स्तर पर आजीविका गतिविधियां शुरू कर उन्हें धीरे-धीरे विस्तार दिया है। इससे परिवार की आय बढ़ाने में मदद मिली है और बच्चों की शिक्षा तथा अन्य जरूरतों को पूरा करने में भी महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने जीविका दीदियों से समूह और समिति की बैठकों में नियमित भागीदारी करने, अपने अनुभव साझा करने तथा एक-दूसरे की सफलता से सीख लेने की अपील की।

प्रशासन ने हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

बीडीओ कृष्णा कुमारी ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने दीदियों से अपनी आजीविका गतिविधियों को विस्तार देने, सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।

वार्षिक आमसभा में समिति की पिछली अवधि की गतिविधियों और उपलब्धियों की समीक्षा की गई। साथ ही समिति को और मजबूत बनाने, सदस्यों की भागीदारी बढ़ाने तथा आजीविका गतिविधियों को अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनाने को लेकर आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ।

इस दौरान जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है। नियमित बचत, समूह का सहयोग और आजीविका गतिविधियों के विस्तार से उन्हें परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में मदद मिली है।

विषयगत प्रबंधक शान्तनु ठाकुर, राहुल कुमार बिल्टू और ब्रजेश कुमार ने भी अपने विचार रखे। बीपीएम समीउल हसन ने दीदियों को संगठित होकर आगे बढ़ने और नियमित रूप से समूह की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में जितेंद्र महतो, विवेक कुमार, शशिरंजन समेत संकुल संघ के कैडर, समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम का समापन समिति की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ हुआ।