149 नए पीडीएस विक्रेता चयनित, 70 को मिली ई-पॉस मशीन,डीएम ने कहा-लाभुकों को तय मात्रा में खाद्यान्न वितरण में नहीं होनी चाहिए लापरवाही

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिया है। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में नव चयनित जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के बीच ई-पॉस (EPOS) मशीनों का वितरण किया गया। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अपने हाथों से विक्रेताओं को मशीनें उपलब्ध कराईं।

जिलाधिकारी ने कहा कि ई-पॉस मशीन के माध्यम से खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में राशन सुचारू रूप से उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने सभी नव चयनित विक्रेताओं को नियमों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ राशन वितरण करने का निर्देश दिया।

डीएम ने बताया कि जिले में जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के चयन की प्रक्रिया के तहत कुल 149 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें से 124 की अनुज्ञप्ति निर्गत हो चुकी है, जबकि 25 मामले वाद के कारण लंबित हैं। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में 70 नव चयनित विक्रेताओं को ई-पॉस मशीन उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने बताया कि नव चयनित विक्रेताओं के लिए खाद्यान्न आवंटन की स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है। संबंधित पदाधिकारियों और विक्रेताओं को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर पीडीएस दुकानों का संचालन सुचारू रूप से शुरू कराने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जन वितरण प्रणाली सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है। इसके माध्यम से बड़ी संख्या में पात्र परिवारों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में विक्रेता अपने दायित्व का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें।

कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन सहित संबंधित पदाधिकारी और नव चयनित जन वितरण प्रणाली विक्रेता उपस्थित थे।