मध्यस्थता से टूटा विवाद, फिर जुड़ा परिवार ,
पति-पत्नी में समझौता कर खत्म कराया वैवाहिक विवाद, बच्चे को फिर मिला माता-पिता का प्यार
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के मध्यस्थता केंद्र में चल रहे ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता 3.0’ अभियान के तहत एक वैवाहिक विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया। मध्यस्थता के माध्यम से पति चंदन और पत्नी पूजा के बीच समझौता कराया गया, जिसके बाद दोनों के बीच चल रहा विवाद समाप्त हो गया। इससे परिवार को टूटने से बचाने के साथ उनके बच्चे को भी माता-पिता का साथ और स्नेह मिला।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा अजय कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में अभियान के तहत वैवाहिक एवं अन्य विवादों को मध्यस्थता के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने बताया कि यह मामला जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सप्तम उपेन्द्र कुमार के न्यायालय से मध्यस्थता के लिए भेजा गया था। प्रशिक्षित मध्यस्थ अनिल कुमार प्रसाद और सचिव आरती कुमारी के प्रयास से दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराया गया।
समझौते के बाद परिवार में फिर से सामंजस्य कायम हुआ। दंपती के बच्चे के लिए भी यह मिलन खुशी का कारण बना और उसे माता-पिता का प्यार मिल सका।

