रैयाम-सकरी चीनी मिल की सदस्यता के लिए 18 से विशेष कैंप,

12 प्रखंडों में 18 से 22 सितंबर तक होगा आयोजन, ऑनलाइन निबंधित किसानों को शेयर शुल्क जमा कर सदस्य बनने का मौका

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

रैयाम और सकरी प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति लिमिटेड के गठन की प्रक्रिया को गति देने के लिए किसानों की सदस्यता का अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत दरभंगा जिले के 12 प्रखंडों में 18 से 22 सितंबर तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे। ऑनलाइन निबंधित किसान इन कैंपों में सदस्यता एवं शेयर शुल्क की राशि जमा कर समिति की सदस्यता हासिल कर सकेंगे।

जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए प्रखंड कार्यालयों में कैंप का आयोजन किया जा रहा है। अलीनगर, बेनीपुर, बहेड़ी, घनश्यामपुर और किरतपुर प्रखंड कार्यालय में 18 एवं 19 सितंबर को कैंप लगेगा। वहीं बिरौल, तारडीह, हायाघाट, हनुमाननगर, गौड़ाबौराम, कुशेश्वरस्थान और कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड कार्यालय में 21 एवं 22 सितंबर को किसानों से सदस्यता शुल्क एवं शेयर शुल्क जमा कराया जाएगा।

28 हजार से अधिक किसानों का ऑनलाइन निबंधन

रैयाम एवं सकरी चीनी मिल को लेकर किसानों में भागीदारी बढ़ रही है। अब तक रैयाम चीनी मिल के 12,336 और सकरी चीनी मिल के 15,931 किसानों, यानी कुल 28,267 किसानों का ऑनलाइन निबंधन किया जा चुका है। हालांकि, इनमें अब तक रैयाम के 180 और सकरी के 231 किसानों ने ही सदस्यता एवं शेयर शुल्क की राशि जमा की है।

रैयाम एवं सकरी प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति लिमिटेड का शीघ्र निबंधन कराया जाना प्रस्तावित है। ऐसे में विभाग की ओर से ऑनलाइन निबंधित किसानों से जल्द सदस्यता प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।

सत्यापन में भी मिलेगा सहयोग

किसानों से निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय पहुंचकर सदस्यता एवं शेयर शुल्क जमा करने को कहा गया है। आवेदन के सत्यापन अथवा अन्य प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी होने पर किसान अपने प्रखंड के प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

विभाग का कहना है कि किसानों की अधिक से अधिक भागीदारी से दोनों चीनी मिल सहकारी समितियों के गठन और निबंधन की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने में मदद मिलेगी।