बिरौल क्षेत्र में शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा की पूजा पूरे हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में किया गया आयोजन

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।


अनुमंडल क्षेत्र में सृष्टि के शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा की पूजा पूरे हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई। क्षेत्र के दर्जनों स्थानों पर स्थित कल-कारखानों, शैक्षणिक संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बाबा विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई।
पूजा को लेकर मुख्य रूप से बिरौल विद्युत पावर सब-स्टेशन,दुर्गा मोटर्स, टीवीएस मोटर,भवानीपुर स्थित गोदावरी ईंट उद्योग तथा श्रीकृष्णा आइडल पब्लिक स्कूल में भव्य आयोजनों की धूम रही। इसके अलावा विभिन्न मोटर गैराजों, तकनीकी संस्थानों और सर्विस सेंटरों को आकर्षक विद्युत सजावट और फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया था। कार्यक्रम के दौरान गैराजों, विद्युत उपकेंद्रों और लघु उद्योगों में कार्यरत कर्मियों व कारीगरों में गजब का उत्साह और उमंग देखा गया। सुबह से ही श्रमिकों ने अपनी मशीनों, औजारों और वाहनों की साफ-सफाई कर विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच भव्य महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान भक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मौके पर संजीव कुमार झा, प्रवीण झा, हेमंत झा,वीरबल राय,पंकज झा,मदन चौधरी,सनोज नायक,कृष्ण मोहन,बैद्यनाथ पूर्वे, सुनील कुमार गाड़ा, ललित यादव,सरोज यादव,रमण यादव,जय कुमार यादव,राजा शर्मा सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।