फेकला-बहेड़ा थानों में एसएसपी का औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निपटारे का निर्देश -थाने की पंजियों और मालखाने की जांच, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर जोर-रात की गश्ती, वाहन चेकिंग और बैंक-एटीएम की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने गुरुवार को फेकला एवं बहेड़ा थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग की स्थिति और लंबित मामलों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष समेत सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने थाने में संधारित विभिन्न पंजियों और अभिलेखों की बारीकी से जांच की तथा उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया।

एसएसपी ने आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क, लोक शिकायत पंजी, मासिक कार्य विवरणी, मालखाना, ओडी जांच, हाजत सुरक्षा, चार्जशीट, स्टेशन डायरी, हाजत पंजी, गिरफ्तारी पंजी, पीसी रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया। संबंधित पदाधिकारियों को अभिलेखों के संधारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान हत्या, लूट, डकैती जैसे संगीन अपराधों और लंबित कांडों की स्थिति की समीक्षा की गई। एसएसपी ने फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, वारंटियों की धर-पकड़ और पुराने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया।

उन्होंने क्षेत्र में वाहन चेकिंग और रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने के साथ बैंक एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखने को कहा। आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।

कांडों के अनुसंधान की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने अनुसंधानकर्ताओं से विभिन्न मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों के अनुरूप अनुसंधान करने तथा वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक तरीके से साक्ष्य संकलन पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांडों के अनुसंधान में गुणवत्ता और साक्ष्य की मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जाए।

एसएसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण और अनुसंधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में शिथिलता सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।