बिरौल में अदालती आदेश की उड़ाई जा रही धज्जियां, विवादित जमीन पर पुलिस रोक नहीं सकी अवैध निर्माण,प्रथम पक्ष ने पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप

दस्तक 7 मिडिया, दरभंगा।

अनुमंडल क्षेत्र में न्यायालय आदेशों और पुलिस प्रशासन के निर्देशों को दरकिनार कर बेखौफ निर्माण कार्य कराने का मामला सामने आया है। अनुमंडल पदाधिकारी न्यायालय के आदेश के बावजूद विवादित जमीन पर निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर धड़ल्ले से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
मामला अनुमंडल पदाधिकारी न्यायालय के वाद संख्या 340/26 से जुड़ा है। न्यायालय के पत्रांक 1103/26 (दिनांक 14.09.26) के आलोक में जब पुलिस की टीम विवादित स्थल की जांच करने पहुंची, तो वहां न्यायालय के आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ती मिलीं।
थानाध्यक्ष बिरौल चन्द्र मणि द्वारा अनुमंडल अधिकारी को भेजी गई जांच रिपोर्ट के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को दिवा गश्ती पदाधिकारी और सहायक अवर निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने विवादित स्थल की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि द्वितीय पक्ष के जितेंद्र शर्मा (ग्राम- गौड़ा, थाना- बिरौल, जिला- दरभंगा) द्वारा निषेधाज्ञा का पालन नहीं किया जा रहा है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि विवादित भूमि पर जितेंद्र शर्मा द्वारा ढलाई लेवल तक मकान का निर्माण कराया जा चुका है और आधा छत भी ढाल दिया गया है। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने जब निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया, तो उसे अनसुना कर दिया गया और काम बंद नहीं किया गया। पुलिस प्रशासन के निर्देशों को दरकिनार कर जारी इस अवैध निर्माण को लेकर बिरौल थाना की पुलिस ने पत्रांक/डायरी संख्या 3635/26 (दिनांक 15/09/26) के तहत मामले की लिखित सूचना और जांच रिपोर्ट अनुमंडल अधिकारी बिरौल को सौंप दी है।


इस संबंध में प्रथम पक्ष के विशाल मिश्र ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “प्रशासनिक आदेशों के बावजूद पुलिस की देखरेख और ढुलमुल रवैये के कारण ही विवादित जमीन पर धड़ल्ले से निर्माण कार्य पूरा कराया गया है। अब देखना यह होगा कि अदालती आदेश और पुलिस की रोक के बावजूद मनमानी कर रहे पक्ष पर प्रशासन क्या सख्त कानूनी कार्रवाई करता है।