बहेड़ी में गरीब दुकानदारों पर चला बुलडोजर, माले ने जताया विरोध,

बिना वैकल्पिक व्यवस्था उजाड़ने का आरोप, 25 दुकानदारों से मिली माले की जांच टीम

दस्तक 7मीडिया /बहेड़ी

बहेड़ी बाजार के डाकबंगला के पास अतिक्रमण हटाने के नाम पर करीब 25 दुकानों पर बुलडोजर चलाए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। भाकपा (माले) ने कार्रवाई को गरीब दुकानदारों के साथ अन्याय बताते हुए इसके खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।

भाकपा (माले) की उच्चस्तरीय टीम मंगलवार को डाकबंगला के निकट पहुंची और बुलडोजर कार्रवाई का जायजा लिया। टीम ने उजाड़े गए दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। माले नेताओं के अनुसार, दुकानदार जिला परिषद की जमीन पर करीब तीन दशक से किरायानामा के आधार पर छोटी-छोटी दुकानें चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। दुकानदारों ने बताया कि वे करीब 400 रुपये की रसीद कटाकर दुकान संचालित करते थे।

पीड़ित दुकानदारों का आरोप है कि उनकी दुकानें नाला और पीडब्ल्यूडी सड़क से करीब 10 फीट की दूरी पर थीं। इसके बावजूद जिला परिषद की ओर से किसी तरह का नोटिस दिए बिना अंचलाधिकारी और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी की मौजूदगी में अचानक बुलडोजर चला दिया गया। कार्रवाई में दुकानों और सामान के नुकसान से लाखों रुपये की क्षति होने की बात दुकानदारों ने माले नेताओं को बताई।

माले नेताओं ने कहा कि गरीब दुकानदारों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराए इस तरह उजाड़ना उचित नहीं है। राज्य कमेटी सदस्य अभिषेक कुमार ने आरोप लगाया कि अंचल प्रशासन ने मनमाने तरीके से कार्रवाई कर गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि कई दुकानदार पहले से कर्ज में हैं और दुकान टूटने के बाद उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

जांच टीम में माले के राज्य कमेटी सदस्य अभिषेक कुमार, प्रखंड सचिव रामविलास मंडल, हीरा साफी और कृष्ण कुमार लालदेव शामिल थे। नेताओं ने कहा कि पीड़ित दुकानदारों की बैठक कराई जाएगी और मामले में प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ प्रतिवाद की रणनीति तय की जाएगी।