जनसुनवाई में दिव्यांग महिला को मौके पर मिली बैटरी चालित ट्राईसाइकिल,

डीएम कौशल कुमार ने आवेदन पर लिया त्वरित संज्ञान, दिव्यांगजन कोषांग को नियमानुसार कार्रवाई का दिया निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जनसुनवाई में फरियाद लेकर पहुंची दिव्यांग महिला अनिता कुमारी की समस्या का जिला प्रशासन ने मौके पर ही समाधान कर दिया। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने उनकी जरूरत को गंभीरता से लेते हुए पात्रता के आधार पर ऑन-द-स्पॉट बैटरी चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई।

दरभंगा सदर प्रखंड की अतिहर पंचायत निवासी अनिता कुमारी ने जनसुनवाई के दौरान डीएम के समक्ष बैटरी चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि आवागमन में कठिनाई के कारण घर से बाजार सहित अन्य जरूरी स्थानों तक आने-जाने में काफी परेशानी होती है।

डीएम ने मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग आशिष अमन को आवेदन की पात्रता और निर्धारित नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निर्देश के बाद अनिता कुमारी को जनसुनवाई के दौरान ही बैटरी चालित ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।

ट्राईसाइकिल मिलते ही अनिता के चेहरे पर खुशी झलक उठी। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब घर से बाजार जाने और दैनिक आवश्यकताओं से जुड़े कामों के लिए आवागमन में काफी सहूलियत होगी।

इस मौके पर डीएम कौशल कुमार ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित करना है। दिव्यांगजन, वृद्धजन और अन्य जरूरतमंद लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं नियमानुसार उपलब्ध कराने के लिए सक्रियता से कार्य करें।