डीएमसीएच में महिला मरीज की मौत के बाद एक घंटे हंगामा,

सांस फूलने की शिकायत के बाद भी समय पर नहीं देखने का स्वजन ने लगाया आरोप, डॉक्टरों-नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग में इलाज के दौरान रविवार को 47 वर्षीय महिला की मौत के बाद स्वजन ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे से विभाग में अफरातफरी की स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार, घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के आधारपुर निवासी राजेंद्र दास की पत्नी फुलिया देवी (47) को लो बीपी और चेस्ट पेन की शिकायत थी। स्वजन ने पहले उनका इलाज एक निजी अस्पताल में कराया था। वहां स्थिति गंभीर बताने के बाद शनिवार को उन्हें डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग में डॉ. पीएम श्रीवास्तव की यूनिट में भर्ती कराया गया।

रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद स्वजन आक्रोशित हो गए और डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ पर मरीज का सही तरीके से इलाज नहीं करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

स्वजन मुकेश कुमार और अरुण कुमार ने आरोप लगाया कि महिला की अचानक सांस फूलने लगी और शरीर अकड़ने लगा। इसकी जानकारी डॉक्टरों को देने के बावजूद समय पर मरीज को देखने नहीं पहुंचे। उनका आरोप है कि समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण महिला की मौत हो गई।

हंगामे की सूचना पर बेंता थाना पुलिस और डीएमसीएच के सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे। बेंता थानाध्यक्ष विनय मिश्रा, सुरक्षा सुपरवाइजर महेश सिंह और स्वास्थ्य प्रबंधक ने स्वजन को समझाकर शांत कराया। इसके बाद डायल-102 एंबुलेंस से मृतका का शव घनश्यामपुर भेजने की व्यवस्था की गई।