पूजा पर दरभंगा में कड़ा पहरा, 207 जगहों पर मजिस्ट्रेट-पुलिस तैनात ,14 से 24 सितंबर तक चलेगा गणेश पूजा उत्सव, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

गणेश पूजा के दौरान जिले में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया है। 14 से 24 सितंबर तक होने वाले गणेश पूजा उत्सव को लेकर जिले के 207 संवेदनशील व महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के संयुक्त आदेश के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूजा के दौरान सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने, अफवाह फैलाने और अशांति पैदा करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी। असामाजिक एवं गुंडा तत्वों की गतिविधियों की निगरानी की जाएगी और अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

भीड़ वाले इलाकों में सुबह छह से रात 10 बजे तक ट्रैफिक पुलिस

गणेश पूजा के दौरान भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष फोकस किया गया है। यातायात डीएसपी को निर्देश दिया गया है कि पूजा समाप्ति तक भीड़भाड़ वाले मार्गों पर सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक यातायात पुलिस की लगातार तैनाती रहे। पुलिस अधिकारी स्वयं भी भ्रमण कर यातायात और विधि-व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

पूजा स्थलों पर CCTV और वॉच टावर

महत्वपूर्ण गणेश पूजा स्थलों पर वॉच टावर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। थानाध्यक्षों को ध्वनि विस्तारक यंत्र से श्रद्धालुओं को भगदड़ और अफवाह से बचने के लिए लगातार सचेत करने का निर्देश दिया गया है। पूजा स्थलों के आसपास बड़े और छोटे वाहनों के परिचालन तथा पार्किंग पर भी रोक रहेगी।

एंबुलेंस, डॉक्टर और दमकल भी रहेंगे मुस्तैद

गणेश पूजा को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। सिविल सर्जन को जिला नियंत्रण कक्ष, सहायक नियंत्रण कक्ष और प्रमुख पूजा स्थलों पर एंबुलेंस एवं चिकित्सक दल तैनात रखने का निर्देश दिया गया है। जीवनरक्षक दवाओं और आकस्मिक उपचार की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है।

वहीं, अग्निशमन विभाग को जिला नियंत्रण कक्ष में आवश्यक सुविधाओं से लैस अग्निशामक वाहन तैनात रखने का निर्देश दिया गया है, जो पूजा समाप्ति तक उपलब्ध रहेगा।

बिजली व्यवस्था की भी होगी जांच

विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अधिकारियों को पूजा समितियों की ओर से की गई विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा के दृष्टिकोण से पहले ही जांच करने को कहा गया है। किसी तरह की कमी मिलने पर पूजा समितियों के साथ समन्वय कर उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।

प्रशासन ने सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। एसडीओ और एसडीपीओ अपने-अपने अनुमंडल में विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे, जबकि बीडीओ, सीओ और पुलिस निरीक्षक अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए गणेश पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएंगे।