पतंजलि के सामान की आड़ में 60 लाख की शराब!

साबुन-टूथपेस्ट के बीच छिपाकर ला रहे थे 4,947 लीटर विदेशी शराब, कंटेनर समेत चालक-उपचालक गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया / गुड्डू राज 

शराब तस्करों ने मद्यनिषेध कानून को चकमा देने के लिए नया तरीका अपनाया, लेकिन मद्यनिषेध टीम की नजरों से बच नहीं सके। पतंजलि के साबुन, टूथपेस्ट और सर्फ की खेप के बीच छिपाकर लाई जा रही करीब 60 लाख रुपये की विदेशी शराब को टीम ने दबोच लिया। बिशनपुर थाना क्षेत्र के भरौल स्थित एकमी-शोभन रोड पर हुई कार्रवाई में कंटेनर से 4,947.120 लीटर शराब बरामद हुई। मौके से चालक और उपचालक को गिरफ्तार किया गया।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे सघन अभियान के दौरान मद्यनिषेध टीम को कंटेनर संख्या UP21CT3867 के बारे में गुप्त सूचना मिली। टीम ने भरौल के पास कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली। बाहर से कंटेनर में पतंजलि के सामान की खेप दिखाई दे रही थी, लेकिन जब टीम ने गहन जांच शुरू की तो सामान के बीच छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप सामने आ गई।

साबुन-टूथपेस्ट के बीच शराब का जखीरा

कंटेनर से 478 कार्टन साबुन, 460 कार्टन टूथपेस्ट, 155 बोरा सर्फ और 111 कार्टन ब्रश समेत पतंजलि के अन्य उत्पाद भी मिले। इन्हीं सामानों के बीच शराब की पेटियां इस तरह छिपाई गई थीं कि पहली नजर में कंटेनर सामान्य मालवाहक वाहन ही लगे।

मद्यनिषेध टीम ने शराब और कंटेनर को जब्त कर लिया। गिरफ्तार चालक एवं उपचालक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के रहने वाले बताए गए हैं। दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी टीम

पूछताछ के जरिए शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि इतनी बड़ी खेप के पीछे अन्य लोग भी जुड़े हो सकते हैं। उनके स्रोत, गंतव्य और परिवहन से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। तस्करों द्वारा जांच से बचने के लिए अपनाए जा रहे नए तरीकों पर भी विभाग की नजर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मद्यनिषेध कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।