कोसी नदी में पांव धोने के दौरान युवक डूबा, एनडीआरएफ की टीम कर रही तलाश
कोसी नदी में पांव धोने के दौरान युवक डूबा, एनडीआरएफ की टीम कर रही तलाश
कोसी नदी में पांव धोने के दौरान युवक डूबा, एनडीआरएफ की टीम कर रही तलाश
दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।
घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के सिमरीघाट के पास शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे कोसी नदी में पांव धोने के दौरान एक युवक डूब गया। हादसे में बकुनिया गांव के वार्ड 3 निवासी बिजेंद्र यादव के पुत्र दिलखुश यादव के डूबने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च अभियान शुरू किया। देर शाम तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका था।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। नदी में सर्च अभियान जारी है।
ग्राम पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि केलू सदा ने बताया कि कोसी नदी पर पुल नहीं होने के कारण आवागमन में लोगों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार महीने के अंदर कोसी नदी में डूबने से करीब आधा दर्जन युवक और बच्चियों की जान जा चुकी है। उन्होंने बताया कि तरबाड़ा घाट के पास तीन महिलाओं की डूबने से मौत हुई थी। वहीं, किरतपुर घाट के पास एक युवक की जान चली गई थी। भूभौल और तेतरी बांध के पास भी कोसी नदी में डूबने से एक युवक की मौत हुई थी। शुक्रवार को सिमरीघाट के पास दिलखुश यादव के डूबने की घटना सामने आई है। ग्रामीणों ने कोसी नदी पर पुल निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि पुल बनने से इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और कोशी नदी पार करने के दौरान होने वाले हादसों पर भी अंकुश लग सकता है।