चौथी बार AAP के राष्ट्रीय संयोजक बने अरविंद केजरीवाल, निर्विरोध हुआ चुनाव

दस्तक 7 मीडिया /नई दिल्ली।

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संगठनात्मक चुनाव में अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुन लिया गया है। 9 सितंबर 2026 को आयोजित पार्टी की 15वीं राष्ट्रीय परिषद की वर्चुअल बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से चौथी बार इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके नाम के सामने किसी अन्य नेता ने दावेदारी नहीं की, जिसके बाद उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

बैठक में पार्टी के 330 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों ने हिस्सा लिया। संगठनात्मक चुनाव के साथ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी पुनर्गठन किया गया।

पंकज गुप्ता राष्ट्रीय सचिव, एनडी गुप्ता कोषाध्यक्ष

नई संगठनात्मक व्यवस्था में पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव और एन. डी. गुप्ता को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय संयोजक के पद पर बने रहेंगे।

23 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन

राष्ट्रीय परिषद की बैठक में 23 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अरविंद केजरीवाल के साथ आतिशी, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, सत्येंद्र जैन, गोपाल राय, राघव चड्ढा, पंकज गुप्ता, एन. डी. गुप्ता, दिलीप पांडे, दुर्गेश पाठक, राखी बिड़ला, शैली ओबेरॉय, अनुराग ढांडा, आदिल अहमद खान, गोपाल इटालिया, रानी अग्रवाल, हरपाल सिंह चीमा, मोहम्मद इरशाद, प्रीति शर्मा मेनन, पृथ्वी रेड्डी और राजबीर को शामिल किया गया है।

इसके अलावा अजय दत्त, चैतर वसावा, इमरान हुसैन, मेहराज मलिक और वेंजी विगास को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

संविधान संशोधन के बाद चौथा कार्यकाल

अरविंद केजरीवाल के लगातार चौथी बार राष्ट्रीय संयोजक बनने का रास्ता पार्टी के संविधान में किए गए संशोधन के बाद साफ हुआ था। जनवरी 2021 में AAP ने अपने मूल संविधान में बदलाव किया था। इससे पहले पार्टी के नियमों के तहत कोई सदस्य लगातार दो बार तीन-तीन वर्ष के कार्यकाल से अधिक राष्ट्रीय संयोजक नहीं रह सकता था। संशोधन के बाद यह सीमा हटा दी गई, जिसके बाद केजरीवाल के चौथे कार्यकाल का रास्ता खुला।