पोते को पीटने से रोकने पर बेटे ने मां को बांस से पीटा, मौत। फेकला थाना क्षेत्र के बिसबीघा गांव की घटना ,मंझले बेटे ने बांस के टुकड़े से मां के सिर पर किया वार

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान 

फेकला थाना क्षेत्र के बिसबीघा गांव में मंगलवार देर शाम पारिवारिक विवाद में एक बेटे ने अपनी मां की बांस के टुकड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान उपेंद्र यादव की पत्नी प्रमिला देवी (65) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बताया जाता है कि मंगलवार शाम प्रमिला देवी का मंझला बेटा ज्ञानी यादव किसी बात को लेकर अपने पुत्र की पिटाई कर रहा था। पोते को पिटता देख प्रमिला देवी उसे बचाने पहुंचीं और बेटे को पोते की पिटाई करने से मना किया। इसी बात से आक्रोशित ज्ञानी यादव ने बांस के टुकड़े से अपनी मां की पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान बांस का वार प्रमिला देवी के सिर पर लग गया। गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पति उपेंद्र यादव ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद फेकला थानाध्यक्ष वशिष्ठ कापर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी पुत्र ज्ञानी यादव को हिरासत में ले लिया। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के पति उपेंद्र यादव ने बताया कि बेटे ने गुस्से में अपनी मां की हत्या कर दी। उन्होंने आरोपी पुत्र को कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद पुलिस को घटना के संबंध में आवेदन दिया जाएगा।