भू-अर्जन शिविर का डीएम ने किया निरीक्षण, रैयतों के दस्तावेज जल्द अपडेट करने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

औद्योगिक क्षेत्र विकास, शोभन–एकमी घाट तक सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा दरभंगा एयरपोर्ट के निकट प्रस्तावित लॉजिस्टिक पार्क/कार्गो हब के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया तेज करने को लेकर विभिन्न मौजों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने थलवाड़ा स्थित भू-अर्जन शिविर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने रैयतों के भूमि संबंधी दस्तावेजों की जांच, अद्यतीकरण, एलपीसी निर्गमन और मुआवजा भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी ली। उन्होंने अंचलाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता (राजस्व) को निर्देश दिया कि अर्जनाधीन भूमि से संबंधित दस्तावेजों की जांच और अद्यतीकरण में तेजी लाई जाए।

डीएम ने कहा कि मुआवजा भुगतान के लिए आवश्यक कागजात तैयार कराने में रैयतों को पूरा सहयोग दिया जाए, ताकि दस्तावेजों की कमी के कारण भुगतान में अनावश्यक देरी न हो। शिविर में आने वाले रैयतों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और उन्हें आवश्यक दस्तावेज व प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी देने का भी निर्देश दिया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में मौजूद रैयतों से सीधे संवाद कर उनकी भूमि एवं मुआवजा भुगतान से जुड़ी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक रैयतों को लाभान्वित किया जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि रैयतों की सुविधा, पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता देते हुए भू-अर्जन की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि सड़क एवं औद्योगिक आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।