अपराधियों की साजिश को बेनकाब करने में सफल हुयी ताजपुर थाने की पुलिस ,हथियारों के साथ अपराध की साजिश रच रहे चार गिरफ्तार,दो पिस्टल ,एक खाली मेग्जीन ,आठ जिंदा कारतूस बरामद।

दस्तक 7मीडिया / समस्तीपुर

ताजपुर और उजियारपुर थाना क्षेत्र में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो पिस्टल, एक खाली मैगजीन, आठ जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि चकपहाड़ गांव में कुछ लोग अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे पकड़कर पूछताछ की गई। उसकी पहचान चकपहाड़ निवासी हरेराम गिरी (22) के रूप में हुई।

पूछताछ में हरेराम ने पुलिस को बताया कि उसके बथान में जमीन के अंदर हथियार और कारतूस छिपाकर रखे गए हैं। उसकी निशानदेही पर मिट्टी खोदकर एक प्लास्टिक के डिब्बे से 7.65 एमएम की दो पिस्टल, एक खाली मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, हरेराम ने हथियार उपलब्ध कराने में शशांक शेखर उर्फ निशांत (19) की भूमिका बताई। पूछताछ में उजियारपुर थाना क्षेत्र के राजन कुमार और शिवनाथ मिश्रा उर्फ चिंटू झा के साथ मिलकर किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी की बात भी सामने आई।

इसके बाद ताजपुर और उजियारपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने शशांक शेखर उर्फ निशांत, राजन कुमार और शिवनाथ मिश्रा उर्फ चिंटू झा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी: दो पिस्टल, एक खाली मैगजीन, आठ जिंदा कारतूस और एक मोबाइल।

छापेमारी टीम में ताजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी, जवान और बिहार एसटीएफ की टीम शामिल रही।