गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1.91 मीटर ऊपर, नए उच्चतम जलस्तर की आशंका
गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1.91 मीटर ऊपर, नए उच्चतम जलस्तर की आशंका
गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 1.91 मीटर ऊपर, नए उच्चतम जलस्तर की आशंका
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जल संसाधन विभाग के अनुसार शनिवार सुबह नौ बजे गांधीघाट गेज स्थल पर गंगा का जलस्तर 50.51 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 1.91 मीटर ऊपर है। नदी का जलस्तर बढ़ने की प्रवृत्ति में है।
गांधीघाट पर गंगा अपने अब तक के उच्चतम जलस्तर 50.52 मीटर के लगभग पहुंच गई है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार यहां नया उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) बनने की संभावना है। इससे नदी के प्रवाह क्षेत्र, खासकर दियारा इलाकों में दबाव बढ़ने की आशंका जताई गई है।
जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को चेतावनी संवाद जारी कर बाढ़ से बचाव के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया है। तटबंध के नदी भाग में रहने वाले लोगों को स्थिति की जानकारी देने और जरूरत के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
साथ ही बाढ़ आपदा के लिए जिलास्तर पर गठित दल को लगातार गश्ती कराने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।