जन्माष्टमी की तैयारी के बीच भीषण हादसा, पेड़ पर चढ़ी अनियंत्रित कार; तीन युवक गंभीर

दीपक कुमार/गायघाट।

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड के बेनीबाद थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव में शुक्रवार सुबह जन्माष्टमी की तैयारी के दौरान भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जोरदार टकराने के बाद पेड़ पर जा चढ़ी। हादसे में तीन स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान रितेश कुमार (पिता चंदरजीत कुमार राय), रंजन कुमार (पिता हरिंदर कुमार राय) और जितेश कुमार (पिता श्याम राय) के रूप में हुई है। रितेश कुमार को सबसे अधिक चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। टीम के पहुंचने के बाद बेनीबाद थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।

दो घायलों का इलाज केवटसा चौक स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल रितेश कुमार को पुलिस तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।