विवाहिता का पंखे से लटका मिला शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

चार वर्षीय बेटे को लेकर पति समेत सास, जेठानी व भैंसुर फरार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

एपीएम थाना क्षेत्र के सिरनियां गांव में सोमवार सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतका की पहचान पंकज राम की पत्नी काजल देवी (26) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के पिता सदर थाना क्षेत्र के छोटाइपट्टी निवासी अनील कुमार राम ने दामाद पंकज राम समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे दामाद ने फोन कर दो लाख रुपये दहेज की मांग की। उसने कहा कि रुपये नहीं देने पर बेटी को ले जाएं, नहीं तो उसे जान से मार देंगे।

पिता के अनुसार, उन्होंने बेटी काजल से बात कराने को कहा, लेकिन दामाद ने फोन काट दिया। इसके बाद उन्होंने दोबारा फोन कर जल्द रुपये का इंतजाम करने का आश्वासन दिया। सोमवार अहले सुबह दामाद ने फोन कर काजल की मौत की जानकारी दी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में ससुराल पहुंचे। वहां काजल का शव कमरे में साड़ी के सहारे पंखे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार, उसके पैर जमीन से सटे हुए थे।

इधर, घटना के बाद मृतका का पति समेत सास, जेठानी और भैंसुर चार वर्षीय बच्चे को लेकर घर से फरार बताए जा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस फरार पति समेत अन्य ससुरालियों की तलाश में जुटी है।

बताया जाता है कि काजल का पति पंकज राम परदेस में मजदूरी करता है और कुछ समय पहले ही घर लौटा था। काजल अपनी सास, जेठानी और भैंसुर के साथ ससुराल में रहती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।