सोन नदी में अवैध बालू खनन को लेकर मुठभेड़, 62 राउंड चली गोलियां,

बदमाशों ने 40 तो पुलिस ने 22 राउंड की फायरिंग; कुख्यात अनीश पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, दो पुलिसकर्मी समेत तीन घायल

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहटा थाना क्षेत्र के परेव घाट स्थित सोन नदी में रविवार सुबह अवैध बालू खनन और नाविकों से रंगदारी वसूली को लेकर पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से करीब 62 राउंड गोलियां चलीं। पुलिस के पहुंचते ही बदमाशों ने करीब 40 राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में लगभग 22 राउंड गोलियां चलाईं।

मुठभेड़ के दौरान मनेर निवासी कुख्यात अपराधी अनीश कुमार के पैर में गोली लगी। पुलिस से बचने के लिए वह सोन नदी में कूद गया, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसका सहयोगी पीयूष कुमार भी नाव से पकड़ा गया।

मुठभेड़ में बिहटा थाने के सब-इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह की बांह में गोली लगी। वहीं थानाध्यक्ष अमित कुमार और सहायक थानाध्यक्ष विकास कुमार भी चोटिल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से तीन देसी कट्टा, एक राइफल, एक देसी कार्बाइन और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। नदी में कूदकर फरार हुए अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है।

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा के अनुसार, गिरफ्तार अनीश कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले एके-47 से जुड़े मामले में भी वांछित था। पुलिस को सूचना मिली थी कि सोन नदी में नावों पर अवैध तरीके से बालू लादने के साथ नाविकों से मनमाना शुल्क और रंगदारी वसूली जा रही है। इसी सूचना पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए परेव घाट पहुंची थी।