बिरौल थाना परिसर में जल्द बनेगा आधुनिक हॉल,
एसडीपीओ ने किया स्थल का चयन,दी हरी झंडी

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

अनुमंडल मुख्यालय स्थित बिरौल थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के लिए सुविधाएं सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। गौड़ा बौराम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुजीत कुमार के सौजन्य से थाना परिसर में एक नए और आधुनिक हॉल का निर्माण कराया जाएगा। इस निर्णय से थाना परिसर के दैनिक संचालन में बड़ी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने हाल ही में अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय बिरौल का वार्षिक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने विधायक मद से निर्मित होने वाले इस हॉल की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। एसएसपी ने तत्काल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी को हॉल निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए ताकि आगे की प्रक्रिया जल्द पूरी की जा सके।
एसएसपी के निर्देश मिलते ही एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बिरौल थाना परिसर के पश्चिमी हिस्से में स्थित खाली पड़ी भूमि का गहन स्थल निरीक्षण किया। इसी चिन्हित स्थान पर नए हॉल का निर्माण कराया जाएगा। वर्तमान में बिरौल थाना के नए भवन के एक ही हिस्से में महिला और पुरुष, दोनों श्रेणी के आरक्षियों के आवासन की व्यवस्था है। एक ही भवन में रहने के कारण स्थान की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा था, जिससे व्यावहारिक स्तर पर दैनिक कार्यों और पुलिसकर्मियों की निजता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था। नया हॉल तैयार हो जाने के बाद इसे मुख्य रूप से पुरुष आरक्षी विश्राम गृह के रूप में इस्तेमाल किये जाने की संभावना है। मौके पर अंचल पुलिस निरीक्षक महफूज आलम, पुनि पर्यवेक्षी पदाधिकारी अमृत लाल वर्मन थानाध्यक्ष चन्द्र मणि मौजूद थे।