बिरौल अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का एसएसपी ने किया निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया ,बिरौल /उत्तम सेन गुप्ता 

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी  ने शनिवार को बिरौल स्थित अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजियों और लंबित मामलों से संबंधित अभिलेखों की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के क्रम में दागी पंजी, अपराध पंजी, गुंडा पंजी, प्राप्ति एवं निर्गत पंजी, तख्ती पंजी, इंडेक्स पंजी, गिरोह पंजी, लूट पंजी, डकैती पंजी, गृह भेदन पंजी, थानावार खतियान भाग-1 समेत पर्यवेक्षण के लिए लंबित कांडों की संचिका, प्रगति प्रतिवेदन और अंतिम आदेश से संबंधित संचिका की जांच की गई।

जांच के दौरान कुछ पंजियां अद्यतन नहीं पाई गईं। इस पर एसएसपी ने नाराजगी जताते हुए सभी पंजियों को शीघ्र अद्यतन रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया।

एसएसपी ने थानावार सभी अनुसंधानकर्ताओं को मामलों में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस दीदी के कार्यों की थानावार समीक्षा कर उसकी गतिविधियों को प्रभावी एवं सुचारू रूप से संचालित कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता बनाए रखने का निर्देश भी दिया।इस दौरान बिरौल एसडीपीओ समेत पुलिस अंचल के सभी पदाधिकारी /कर्मी मौजूद थे।