कलाकारों को इलाज से लेकर वाद्य यंत्र खरीदने तक मिलेगी दो लाख तक मदद करेगी सरकार।

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार के कलाकारों के लिए राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता का रास्ता आसान किया है। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से संचालित कलाकार कल्याण कोष योजना के तहत पात्र कलाकारों को विभिन्न जरूरतों के लिए अधिकतम दो लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जा रही है। योजना का लाभ प्रदर्शन कला और दृश्य कला से जुड़े कलाकारों को निर्धारित शर्तों के आधार पर मिलेगा।

योजना के तहत कलाकारों को इलाज, प्रदर्शन कला और दृश्य कला से जुड़ी जरूरतों के लिए अधिकतम दो लाख रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान है। वहीं, नए वाद्य यंत्र, उपकरण और कला सामग्री खरीदने के लिए अधिकतम 50 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद दी जा सकती है।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने के लिए यात्रा खर्च में भी सहायता का प्रावधान है। इसके अलावा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय या समकक्ष संस्थानों तथा विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा और अध्ययन-शोध के लिए भी पात्र कलाकारों को आर्थिक सहायता मिल सकती है।

30 हजार से अधिक मासिक आय वालों को लाभ नहीं

योजना का लाभ लेने के लिए कलाकार की मासिक आय 30 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ अद्यतन आय प्रमाण-पत्र, कलाकार पंजीयन पोर्टल का पंजीकरण प्रमाण-पत्र और कला क्षेत्र में उपलब्धियों से संबंधित दस्तावेज लगाना अनिवार्य है। सरकारी कर्मचारियों को योजना का लाभ नहीं मिलेगा। एक कलाकार को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार सहायता राशि स्वीकृत की जाएगी।

निर्धारित पते पर भेजना होगा आवेदन

पात्र कलाकार निर्धारित प्रपत्र में आवेदन भरकर सभी आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन निदेशक, सांस्कृतिक कार्य, नया सचिवालय, विकास भवन, पटना-800015 के पते पर भेजना होगा।