रक्षाबंधन पर ‘पुलिस दीदी’ ने संभाली सुरक्षा की कमान, अभया ब्रिगेड को एसएसपी ने दिखाई हरी झंडी

 दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस केंद्र लहेरियासराय में महिला सुरक्षा को लेकर दरभंगा पुलिस की विशेष पहल देखने को मिली। वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम (अभया ब्रिगेड) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने पुलिस दीदी टीम के सदस्यों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सहायता के लिए सक्रियता से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि टीम आम लोगों, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझे और जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराए।

अभया ब्रिगेड के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों, शिक्षण संस्थानों और महिलाओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। टीम को महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।

दरभंगा पुलिस की ओर से कहा गया कि महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस दीदी टीम इसी उद्देश्य को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।