अज्ञात वाहन की ठोकर से शिक्षक की मौत, दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

दस्तक 7 मीडिया /अफजल खान 

कमतौल थाना क्षेत्र के बरहमपुर चौक के पास 25 अगस्त की शाम अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कमतौल वार्ड-8 निवासी रोहित कुमार (40) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय नागेंद्र ठाकुर के पुत्र थे।

परिजनों के अनुसार, रोहित कुमार 25 अगस्त की शाम करीब छह बजे बाइक से अपने साढ़ू के घर जा रहे थे। इसी दौरान बरहमपुर चौक के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की जानकारी ग्रामीणों ने फोन कर परिजनों को दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रोहित को इलाज के लिए दरभंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाने के दौरान रात करीब 10:30 बजे रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मृतक के चचेरे भाई निर्मल कुमार ने बताया कि रोहित शिक्षक थे और छोटे-छोटे बच्चों को पढ़ाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में छोटे-छोटे दो बच्चे हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कमतौल थाना की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।