मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के स्पष्ट निर्देश :छात्रों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले बीपीएससी परीक्षा नियंत्रक होंगे निलंबित 

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार लोक सेवा आयोग के अभ्यर्थियों के प्रदर्शन पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह के खिलाफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने सामान्य प्रशासन विभाग को राजेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया है।

सोमवार को पत्रकारों ने गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे बीपीएससी अभ्यर्थियों को लेकर परीक्षा नियंत्रक से सवाल किया था। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर कहा, “हाथी चले बाजार, कुत्ता भौंके हजार।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ। इसके बाद अभ्यर्थियों के साथ राजनीतिक दलों ने भी इसका विरोध शुरू कर दिया।

मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारी के बयान को गंभीरता से लिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों और आम जनता के प्रति किसी सरकारी अधिकारी की अमर्यादित एवं गैर-जिम्मेदाराना भाषा स्वीकार नहीं की जाएगी।

बताया गया कि विवाद बढ़ने के बाद परीक्षा नियंत्रक ने अपने बयान पर माफी भी मांगी, लेकिन सरकार ने उनके आचरण को गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के इस फैसले को प्रशासनिक अधिकारियों के लिए स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि छात्रों और आम लोगों के साथ संवाद में मर्यादा और संवेदनशीलता बनाए रखना अनिवार्य है।इधर सूचना मिल रही हे कि राजेश को निलंबित कर दिया गया हे।