रिश्वत लेते शिकारपुर थाने का एएसआई गिरफ्तार, 4 हजार लेते विजिलेंस ने दबोचा

दस्तक 7मीडिया /बेतिया/नरकटियागंज।

पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में निगरानी विभाग की टीम ने शिकारपुर थाना के एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी को चार हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई सोमवार, 24 अगस्त को हाईस्कूल चौक के पास एक चाय की दुकान में की गई।

जानकारी के अनुसार, हरदी टेढ़ा निवासी अमृत कुमार से बिजली चोरी के एक मामले में राहत देने और केस को रफा-दफा करने के नाम पर एएसआई ने चार हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत मांगे जाने की शिकायत अमृत कुमार ने निगरानी विभाग से की। शिकायत के सत्यापन में मामला सही पाए जाने के बाद डीएसपी सतीश माधव के नेतृत्व में निगरानी की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।

निर्धारित योजना के तहत अमृत कुमार हाईस्कूल चौक स्थित चाय की दुकान पर पहुंचे और एएसआई उपेंद्र विद्यार्थी को चार हजार रुपये दिए। इसी दौरान पहले से तैनात निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें रिश्वत की राशि के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी एएसआई को अपने साथ ले गई और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।