सड़क सुरक्षा को लेकर 243 वाहन चालकों को प्रशिक्षण,
सुरक्षित चालक, सुरक्षित परिवार और सुरक्षित समाज के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय की पहल
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और वाहन चालकों को सुरक्षित परिचालन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय की ओर से सरकारी एवं गैर-सरकारी वाहन चालकों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों, आधुनिक तकनीकों और सुरक्षित वाहन परिचालन की जानकारी देकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
बिहार सड़क सुरक्षा परिषद के निर्देश पर प्रत्येक माह तीन प्रशिक्षण दिवस निर्धारित किए गए हैं। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मई 2026 से मार्च 2027 तक संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान चालकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन परिचालन, पैदल यात्रियों की सुरक्षा तथा दुर्घटनाओं की संभावना कम करने के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
अब तक 243 चालकों को प्रशिक्षण
जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार, अब तक कुल 243 वाहन चालकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इनमें 39 सरकारी वाहन चालक और 204 गैर-सरकारी वाहन चालक शामिल हैं।
विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा के प्रति आम लोगों और वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।