राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए थानाध्यक्षों को नोटिस तामिली में तेजी के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जुनैद आलम एवं प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने जिले के सभी एसडीपीओ एवं थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीजेएम जुनैद आलम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए पक्षकारों तक नोटिस पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने थानाध्यक्षों को अपनी विशेष निगरानी में नोटिसों की तामिली सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नोटिस पहुंचाने वाले अधिकारी पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत की प्रक्रिया और इसके फायदे की जानकारी दें तथा उन्हें सुलह-समझौते के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने बताया कि नोटिस दोनों पक्षों के नाम से जारी किए जा रहे हैं। ऐसे में तामिली कराने वाले अधिकारी दोनों पक्षों से सीधे संवाद कर उन्हें आपसी समझौते के माध्यम से विवाद समाप्त करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने कहा कि शमनीय आपराधिक मामलों, जिनमें सुलह-समझौते की संभावना है या सुलहनामा दाखिल हो चुका है और पक्षकार मुकदमे का निष्पादन कराने के इच्छुक हैं, वे बिना नोटिस के भी राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित हो सकते हैं। सुलह-समझौते योग्य विभिन्न प्रकार के मामलों का एक ही दिन में निपटारा कराने की सुविधा लोक अदालत में उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न बैंकों से जुड़े ऋण मामलों के निपटारे के लिए भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने ऐसे नोटिसों की समय पर तामिली सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

बैठक में सदर, बेनीपुर एवं बिरौल के एसडीपीओ के अलावा जिले के सभी थानाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।