आय से अधिक संपत्ति मामले में बीबोस के उप निदेशक के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी
आय से अधिक संपत्ति मामले में बीबोस के उप निदेशक के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी
आय से अधिक संपत्ति मामले में बीबोस के उप निदेशक के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी
दस्तक 7मीडिया , पटना/बेगूसराय।
बिहार आर्थिक अपराध इकाई ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह 15 सदस्यीय जांच दल ने पुलिस बल के साथ पटना और बेगूसराय स्थित उनके तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
जांच में अजय कुमार सिंह के पास 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। यह संपत्ति उनकी वैध एवं ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 90.04 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
जांच दल ने पटना के खाजपुरा स्थित चंद्रतारा भवन, मीठापुर और बेगूसराय के साहेबपुर कमाल स्थित पैतृक आवास पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों और अन्य वित्तीय कागजातों की गहन जांच की जा रही है।
आर्थिक अपराध इकाई ने अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। टीम संपत्ति के स्रोत, निवेश और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।