संत रविदास जयंती पर निकली भव्य कलश यात्रा, 27 अगस्त से हर गुरुवार लगेगा विकास शिविर

दस्तक 7 मीडिया /

श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से श्याम मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में नगर विधायक संजय सरावगी, जिलाधिकारी कौशल कुमार, पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों के लिए कलश भेजे गए हैं। सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले की सभी पंचायतों के महादलित टोलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार ‘संत रविदास विकास शिविर’ लगाया जाएगा। शिविर में अनुसूचित जाति टोलों में रहने वाले लोगों को सरकार की कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जाएगा।

नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष पूरे देश में मनाई जाएगी। उनके विचारों के माध्यम से समाज में समानता, सद्भाव, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान में युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए खेलकूद प्रतियोगिता, साइकिल रैली, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिता समेत कई रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान संत रविदास जी के सामाजिक एकता, भाईचारा और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।