शराबबंदी पर तेजस्वी का हमला, बोले- बिहार में हर ब्रांड की शराब उपलब्ध; सत्ता पक्ष पर लगाया रैकेट चलाने का आरोप
शराबबंदी पर तेजस्वी का हमला, बोले- बिहार में हर ब्रांड की शराब उपलब्ध; सत्ता पक्ष पर लगाया रैकेट चलाने का आरोप
शराबबंदी पर तेजस्वी का हमला, बोले- बिहार में हर ब्रांड की शराब उपलब्ध; सत्ता पक्ष पर लगाया रैकेट चलाने का आरोप
दस्तक 7 मीडिया / पटना
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शराबबंदी को लेकर एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली से पटना लौटने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि बिहार में शराबबंदी कानून पूरी तरह विफल हो चुका है और राज्य में हर ब्रांड की शराब आसानी से उपलब्ध है।
तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि पहले शराब खरीदने के लिए लोगों को दुकान तक जाना पड़ता था, लेकिन अब बिहार में शराब की होम डिलीवरी तक हो रही है। उन्होंने सवाल किया कि बिहार में ऐसी कौन-सी शराब की ब्रांड है, जो उपलब्ध नहीं है।
सत्ता पक्ष पर लगाया शराब रैकेट चलाने का आरोप
राजद नेता ने आरोप लगाया कि बिहार में शराब माफिया बेखौफ होकर अवैध कारोबार कर रहा है और उसे सत्ता पक्ष में बैठे लोगों का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने दावा किया कि सत्ता से जुड़े लोग ही शराब का बड़ा रैकेट चला रहे हैं।
शराबबंदी को लेकर एनडीए में घमासान का दावा
तेजस्वी ने कहा कि शराबबंदी कानून को लेकर एनडीए के भीतर ही मतभेद सामने आ रहे हैं। कुछ नेता कानून की समीक्षा की बात कर रहे हैं, जबकि कुछ इसके पक्ष में नहीं हैं। शराबबंदी कानून की समीक्षा के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सवाल विपक्ष से नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पूछा जाना चाहिए।
19 अगस्त को राजभवन मार्च
तेजस्वी यादव ने बताया कि बढ़ते अपराध, पेपर लीक और शराबबंदी सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर राजद 19 अगस्त को पटना में राजभवन मार्च करेगा। इस दौरान राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर सरकार के खिलाफ विपक्ष की शिकायतें रखी जाएंगी।
सरकार ने आरोपों को किया खारिज
वहीं, बिहार सरकार और मद्य निषेध मंत्री मदन सहनी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है। सरकार का कहना है कि बिहार में शराबबंदी कानून पूरी सख्ती के साथ लागू है और इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।