स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, डीएम-एसएसपी ने जारी किया संयुक्त आदेश, मुख्य समारोह स्थल पर सीसीटीवी, मेटल डिटेक्टर और सादे लिबास में पुलिस की रहेगी तैनाती
स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, डीएम-एसएसपी ने जारी किया संयुक्त आदेश,
मुख्य समारोह स्थल पर सीसीटीवी, मेटल डिटेक्टर और सादे लिबास में पुलिस की रहेगी तैनाती
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसके तहत मुख्य समारोह स्थल नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय पोलो मैदान समेत शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा, यातायात और निगरानी की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
नेहरू स्टेडियम में 15 अगस्त को सुबह 9.05 बजे पथ निर्माण विभाग के मंत्री सह दरभंगा जिले के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र झंडोत्तोलन करेंगे। समारोह में बीएमपी, जिला पुलिस, गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी तथा स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियां सामूहिक परेड में शामिल होंगी।
समारोह स्थल की दर्शक दीर्घा में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सभी प्रवेश द्वारों पर डीएफएमडी और एचएचएमडी की व्यवस्था रहेगी। भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
मुख्य समारोह स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने की जिम्मेदारी यातायात पुलिस को दी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों पर सुबह छह बजे से यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी। यातायात थाना अध्यक्ष को लगातार भ्रमण कर व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
झंडा मंच की सुरक्षा के लिए सदर एसडीओ और सदर एसडीपीओ को तैनात किया गया है। वहीं अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार और नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी को नेहरू स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था का वरीय प्रभार सौंपा गया है।
संयुक्त आदेश के अनुसार सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवान 15 अगस्त को सुबह सात बजे अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंच जाएंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही वे वहां से प्रस्थान करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर वरीय पदाधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित करेंगे।
डीएम और एसएसपी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण, गरिमापूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।