लहेरियासराय थाना पुलिस ने नाबालिग लड़कियों के लापता होने और अपहरण से जुड़े दो मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को सकुशल बरामद कर लिया। एक मामले में 24 वर्षीय युवक को उसके घर से गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में पुलिस ने मुंबई पुलिस के सहयोग से करीब 16 वर्षीय नाबालिग को जिजामाता नगर से बरामद करते हुए अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
पहले मामले में लहेरियासराय थाना पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सकुशल बरामद किया। इस मामले में इम्तियाज अंसारी (24), पिता अब्दुल रहमान, निवासी चिकन नगर पाट, थाना इमामगंज, जिला गया को उसके घर पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया।
वहीं, दूसरे मामले में तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस को नाबालिग के मुंबई में होने की जानकारी मिली। इसके बाद लहेरियासराय पुलिस ने मुंबई पुलिस से समन्वय स्थापित कर कालाचौकी थाना के सहयोग से जिजामाता नगर क्षेत्र में कार्रवाई की और करीब 16 वर्षीय नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त दिलखुश कुमार उर्फ दिलखुश ठाकुर (20), पिता बिनोद ठाकुर, निवासी पार मेटुनिया, थाना बहेड़ी, जिला दरभंगा को भी गिरफ्तार किया गया।