दरभंगा

नीतीश सरकार ने कई आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है. इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है. डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के विभाग नगर विकास के अपर मुख्य सचिव अरूणीश चावला को सरकार ने विरमित कर दिया है. अरुनीश चावला को औषधि विभाग रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में विशेष कार्य पदाधिकारी नियुक्त किया गया हैं. साथ में इस मंत्रालय के सचिव का भी  अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया हैं।

वित्त विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी को योजना एवं विकास विभाग का प्रधान सचिव एवं बिहार राज्य योजना पर्षद का सचिव, बिहार आपदा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण समिति के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. सूचना एवं प्रौद्योगिक विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल को नगर एवं नगर विकास एवं आवास विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है. इन्हें मेट्रो के प्रबंध निदेशक का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह को सूचना प्रौद्योगिक विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. बिहार राज्य योजना परिषद के परामर्शी प्रभाकर को स्थानांतरित कर कंफेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया हैं।