90 दिनों में दरभंगा की 54 पंचायतें होंगी बाल श्रम मुक्त, डीएम ने शुरू कराया विशेष अभियान, बाल एवं किशोर श्रमिकों की पहचान कर कराया जाएगा मुक्त, दोषी नियोजकों पर होगी कानूनी कार्रवाई, बच्चों का स्कूलों में नामांकन भी होगा सुनिश्चित
90 दिनों में दरभंगा की 54 पंचायतें होंगी बाल श्रम मुक्त, डीएम ने शुरू कराया विशेष अभियान,
बाल एवं किशोर श्रमिकों की पहचान कर कराया जाएगा मुक्त, दोषी नियोजकों पर होगी कानूनी कार्रवाई, बच्चों का स्कूलों में नामांकन भी होगा सुनिश्चित
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा जिले की 54 चयनित पंचायतों को अगले 90 दिनों के भीतर बाल श्रम मुक्त पंचायत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने बताया कि श्रमायुक्त, बिहार के निर्देश पर जिले के सभी 18 प्रखंडों की तीन-तीन पंचायतों का चयन किया गया है, जहां बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन के लिए समयबद्ध अभियान चलाया जाएगा।
डीएम ने बताया कि अभियान के दौरान श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में दुकानों, प्रतिष्ठानों और घरेलू कार्यों में लगे बाल एवं किशोर श्रमिकों की पहचान कर उन्हें श्रम से मुक्त कराएंगे। साथ ही बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत दोषी नियोजकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रम से मुक्त कराए गए प्रत्येक बच्चे का निकटतम विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि वे दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकें। वहीं, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को पंचायत स्तरीय टास्क फोर्स की नियमित बैठक कर अभियान की समीक्षा करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाल श्रम एक सामाजिक अभिशाप है, जिसके उन्मूलन के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आमजन से भी अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही निर्धारित समय-सीमा में चयनित पंचायतों को बाल श्रम मुक्त घोषित करने का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।
दरभंगा में 31 अगस्त तक चलेगा गन्ना खेती प्रोत्साहन अभियान, नई चीनी मिलों के लिए किसानों को किया जाएगा प्रेरित,हर प्रस्तावित चीनी मिल के लिए 30 हजार एकड़ में गन्ना खेती का लक्ष्य, सभी प्रखंडों में त्रि-स्तरीय समिति करेगी अभियान की निगरानी
बेनीबाद: एनएच 27 पर सियारी पुल के पास सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत