दरभंगा में 31 अगस्त तक चलेगा गन्ना खेती प्रोत्साहन अभियान, नई चीनी मिलों के लिए किसानों को किया जाएगा प्रेरित,हर प्रस्तावित चीनी मिल के लिए 30 हजार एकड़ में गन्ना खेती का लक्ष्य, सभी प्रखंडों में त्रि-स्तरीय समिति करेगी अभियान की निगरानी
दरभंगा में 31 अगस्त तक चलेगा गन्ना खेती प्रोत्साहन अभियान, नई चीनी मिलों के लिए किसानों को किया जाएगा प्रेरित,हर प्रस्तावित चीनी मिल के लिए 30 हजार एकड़ में गन्ना खेती का लक्ष्य, सभी प्रखंडों में त्रि-स्तरीय समिति करेगी अभियान की निगरानी
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में गन्ना उत्पादन बढ़ाने और नई चीनी मिलों की स्थापना के लक्ष्य को पूरा करने के लिए अब 31 अगस्त 2026 तक विशेष गन्ना खेती प्रोत्साहन अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि गन्ना उद्योग विभाग, बिहार के निर्देश के अनुसार प्रत्येक प्रस्तावित चीनी मिल के लिए लगभग 30 हजार एकड़ क्षेत्र में गन्ना की खेती आवश्यक होगी। इसी उद्देश्य से जिले में किसानों को गन्ना उत्पादन के लिए जागरूक और प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पहले यह विशेष अभियान 28 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक संचालित किया गया था। अब गन्ना की शरदकालीन (अक्टूबर-नवंबर) और वसंतकालीन (फरवरी-मार्च) रोपाई को ध्यान में रखते हुए अभियान की अवधि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 तक कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि अभियान का संचालन पूर्व से गठित प्रखंड स्तरीय त्रि-स्तरीय समिति के माध्यम से किया जाएगा। इसके तहत किसानों को गन्ना खेती की तकनीकी जानकारी देने, खेती के लिए प्रेरित करने तथा अधिक से अधिक क्षेत्र में गन्ना उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड सहकारिता विस्तार पदाधिकारियों, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी पंचायतों में नियमित मॉनिटरिंग, अनुश्रवण और पर्यवेक्षण कर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने तथा किसानों को गन्ना खेती के प्रति जागरूक और प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
आर्म्स एक्ट केस में एडीजे कोर्ट का फैसला, तीनों दोषियों की सजा पर लगी मुहर,अपील खारिज
90 दिनों में दरभंगा की 54 पंचायतें होंगी बाल श्रम मुक्त, डीएम ने शुरू कराया विशेष अभियान, बाल एवं किशोर श्रमिकों की पहचान कर कराया जाएगा मुक्त, दोषी नियोजकों पर होगी कानूनी कार्रवाई, बच्चों का स्कूलों में नामांकन भी होगा सुनिश्चित